अंकिता हत्याकांड में न्याय के लिए सरकार प्रतिबद्ध, सीबीआई जांच की सिफारिश : सीएम धामी

देहरादून। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अंकिता हत्याकांड में प्रदेश सरकार शुरू से ही न्याय सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध रही है और आगे भी पूरी संवेदनशीलता के साथ अपने संकल्प पर कायम भी रहेगी।

सीएम ने बताया कि अंकिता भंडारी के माता–पिता के अनुरोध और उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए राज्य सरकार ने इस प्रकरण की सीबीआई जांच कराने की सिफारिश भी की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य प्रारंभ से अंत तक निष्पक्ष, पारदर्शी व संवेदनशील तरीके से न्याय दिलाना रहा है और आगे भी यही प्राथमिकता भी रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि साल 2022 में अंकिता के साथ हुई हृदयविदारक घटना की जानकारी मिलते ही सरकार ने बिना किसी देरी के कार्रवाई भी की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एक महिला आईपीएस अधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन भी किया गया। प्रकरण से जुड़े सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और सरकार की ओर से न्यायालय में प्रभावी पैरवी की गई, जिसके चलते विवेचना के दौरान किसी भी आरोपी को जमानत भी नहीं मिल सकी।

एसआईटी की गहन जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट भी दाखिल की गई और निचली अदालत ने तीनों आरोपियों को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा भी सुनाई।

सीएम ने कहा कि हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो को लेकर अलग–अलग एफआईआर भी दर्ज की गई हैं और उनकी जांच भी जारी है। सरकार की मंशा स्पष्ट है कि किसी भी तथ्य या साक्ष्य की अनदेखी भी नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने राजनीतिक उद्देश्य से भ्रम फैलाने का प्रयास किया, लेकिन सरकार ने जनता को भ्रम से बाहर निकालने और अंकिता के माता–पिता के आग्रह पर सीबीआई जांच की सिफारिश करने का निर्णय भी लिया है।