देहरादून एयरपोर्ट पर कोहरे का असर, उड़ानें देरी से उतरीं और समय में बदलाव
देहरादून में कोहरे के कारण एयरपोर्ट पर हवाई यातायात भी प्रभावित हो रहा है। कोहरे के कारण अहमदाबाद से देहरादून आ रही इंडिगो की उड़ान आसमान में कई चक्कर लगाने के बाद देरी से एयरपोर्ट पर भी उतरी। जिसके चलते 2 और फ्लाइट के समय में बदलाव भी करना पड़ा।
फ्लाइट को सुबह 7 बजकर 55 मिनट पर एयरपोर्ट पर उतरना था। लेकिन फ्लाइट मौसम खुलने के इंतजार में काफी देर तक आसमान में ही घूमती रही। इस उड़ान ने एक बार एयरपोर्ट पर उतरने का प्रयास किया, लेकिन खराब मौसम के कारण उतर ही नहीं पाई।
उसके बाद काफी देर तक आसमान में चक्कर लगाने के बाद यह फ्लाइट सुबह 9 बजकर 46 मिनट पर एयरपोर्ट पर उतरी। वहीं, दिल्ली से इंडिगो की सुबह 9:00 बजे एयरपोर्ट पर आने वाली उड़न का समय बदलकर 10 बजकर 47 मिनट कर दिया गया। इंडिगो की तीसरी फ्लाइट जो कोलकाता से आने वाली थी उसका समय बदलकर 9: 25 बजे से 11: 55 कर दिया गया है।