पथरी थाना क्षेत्र में युवकों के बीच गोलीबारी, एक की मौत, एक गंभीर घायल
पथरी थाना क्षेत्र के बहादरपुर जट गांव में बीते रविवार रात दो युवकों के गुटों के बीच हुई झड़प में गोलीबारी हुई। दोनों पक्षों से गोलियां चलाई गईं, जिसमें एक युवक की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया। घायल युवक को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में उसे हायर सेंटर में रेफर कर दिया गया।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने घटनास्थल और अस्पताल का दौरा कर जानकारी प्राप्त की और मामले की जांच के निर्देश भी दिए।
घटना रात करीब 9 बजे बहादरपुर जट रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई, जब बहादरपुर जट निवासी जतिन चौधरी ज्वालापुर से गांव से लौट रहा था। रेलवे फाटक के पास उसकी मुलाकात गांव के पूर्व प्रधान विकास कुमार से हुई। दोनों के बीच पहले से ही विवाद चल रहा था। तकरार के बाद दोनों पक्षों से गोलियां चलने लगीं। बताया गया कि दोनों पक्षों ने कई राउंड फायरिंग भी की, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और गोलियों की आवाज से लोग भी सहम गए।
विकास कुमार के पक्ष के राजन को गोली लगी, जबकि जतिन चौधरी के पेट में भी गोली लगी। राजन को कनखल सतीकुंड स्थित एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल जतिन चौधरी को पहले भूमानंद अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पथरी थाना अध्यक्ष रविंद्र कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। विवाद को देखते हुए आसपास के थाना कोतवाली की पुलिस भी मौके पर भेजी गई। एसपी देहात शेखर सुयाल और सीओ लक्सर नताशा सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा भी लिया।
बताया गया कि बहादरपुर जट गांव के पूर्व प्रधान विकास कुमार व जतिन चौधरी के बीच पिछले कुछ माह से तनाव चल रहा था। इससे पहले भी दोनों के बीच विवाद हुआ था, जब जतिन चौधरी ने विकास कुमार के घर पर फायरिंग की थी। इस घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया था।
अब तक की जानकारी के अनुसार, संघर्ष में एक युवक की मौत हो चुकी है और दूसरे की हालत गंभीर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने आम जनता से शांति बनाए रखने की अपील की और मामले की पूरी जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन भी दिया।