राज्य आंदोलनकारियों संग डीएम की सौहार्दपूर्ण बैठक, समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा
राज्य निर्माण में आपके योगदान के हम ऋणी हैं : जिलाधिकारी सविन बंसल
देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल ने आज बुधवार को ऋषिपर्णा सभागार में उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों के साथ सौहार्दपूर्ण माहौल में बैठक कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। डीएम ने आंदोलनकारियों को समाज का प्रेरणा स्रोत बताते हुए कहा कि “हम आपके संघर्षों के कारण ही आज यहां हैं।”
बैठक में डीएम ने आश्वस्त किया कि आंदोलनकारियों की समस्याओं का हरसंभव समाधान किया जाएगा। चिन्हीकरण की लंबित पत्रावलियों पर तेजी से कार्य करते हुए एडीएम एफआर को रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। 2021 की कट-ऑफ तिथि से पहले चिन्हित किए गए सभी अभ्यर्थियों का रिकॉर्ड भी मंगाया गया है।
पेंशन सत्यापन प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए कोषागार में अलग काउंटर और समर्पित स्टाफ की व्यवस्था की जाएगी। डीएम ने कहा कि जिन मामलों में शासन स्तर से निर्णय आवश्यक है, उन्हें शीघ्र संस्तुति के लिए भेजा जाएगा। आंदोलनकारियों ने बैठक के आयोजन और गंभीरतापूर्वक समस्याएं सुनने के लिए डीएम का आभार जताया और उम्मीद जताई कि उनके मुद्दों पर जल्द समाधान मिलेगा। बैठक में उप जिलाधिकारी हरिगिरि, मुख्य कोषाधिकारी नीतू भंडारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और आंदोलनकारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।