Dehradun high-profile assault case Former MLA Champion's son likely to appear before police today
देहरादून। पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन के बेटे दिव्य प्रताप सिंह से जुड़े हाई-प्रोफाइल मारपीट मामले में जांच अब तेज हो गई है। जानकारी के अनुसार दिव्य प्रताप देहरादून पुलिस के सामने पेश हो सकते हैं। पुलिस ने सोमवार को नोटिस जारी करते हुए उन्हें 3 दिन के भीतर बयान दर्ज कराने व जांच में शामिल होने के लिए तलब भी किया है।
यह पूरा मामला पूर्व मुख्य सचिव के बेटे आर. यशोर्धन के साथ मारपीट व लाइसेंसी हथियार दिखाकर धमकाने से संबंधित है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ चुका है, जिसमें पूरा घटनाक्रम साफ दिखाई भी दे रहा है। राजपुर थाने में दर्ज मामले की जांच कर रहे अधिकारी ने पूछताछ के लिए सवालों की विस्तृत सूची भी तैयार की है, जिसमें सीसीटीवी में दिखे एक-एक तथ्य की पुष्टि व दिव्य प्रताप के बयान प्रमुख रूप से शामिल होंगे।
पुलिस दिव्य प्रताप से लाइसेंसी हथियार दिखाकर डराने व धमकाने के आरोपों पर भी बयान लेगी, जिसके कई साक्ष्य जांच में सामने आए हैं। साथ ही केस में जोड़ी गई धाराओं से जुड़े सवालों पर पूछताछ भी की जाएगी।
इधर, घटना की गंभीरता को देखते हुए हरिद्वार जिला मजिस्ट्रेट ने दिव्य प्रताप सिंह के तीनों शस्त्र लाइसेंस—2 रिवॉल्वर और 1 बंदूक—को निलंबित कर दिया है। साथ ही उन्हें कारण बताओ नोटिस भी जारी कर 15 दिनों के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं कि क्यों न उनके लाइसेंस भी रद्द कर दिए जाएं।
मामले की जांच जारी है और पुलिस जल्द ही आगे की कार्रवाई भी कर सकती है।
