गुलामी के प्रतीक ढो रही कांग्रेस, अंग्रेजों की अनुयायी: मनवीर सिंह चौहान
देहरादून। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कांग्रेस अध्यक्ष के अंग्रेजों के वंशज संबंधी बयान को हास्यास्पद और अल्पज्ञान बताया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस ने गुलामी की मानसिकता और प्रतीकों को ढोते हुए अंग्रेजों के पद चिन्हों पर चलते हुए देश की शिक्षा व्यवस्था और कानून में अंग्रेजी शासनकाल के तत्व ही बनाए रखे।
चौहान ने कहा कि कांग्रेस विभाजन की नीति में माहिर रही है और उसने देश में विभाजन की खाई को और भी गहरा किया। उनका आरोप है कि कांग्रेस विकास और राज्य की संस्कृति से अधिक तुष्टिकरण में विश्वास रखती है और जनहित के कार्यों के खिलाफ दुष्प्रचार भी करती रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनता कांग्रेस को आगामी चुनावों में सबक भी सिखाएगी।