Congress attacks BJP government over Badrinath Cultural Festival; Dhasmana questions move to hold the Army responsible.
देहरादून, 2 अक्टूबर 2026। बदरीनाथ धाम में आयोजित देवभूमि सांस्कृतिक महोत्सव को लेकर सियासी विवाद बढ़ता जा रहा है। उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने महोत्सव के दौरान डीजे और नृत्य कार्यक्रम को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है।
धस्माना ने आरोप लगाया कि 19 और 20 सितंबर को बदरीनाथ धाम के टूरिस्ट अराइवल प्लाजा में आयोजित दो दिवसीय देवभूमि सांस्कृतिक महोत्सव में धाम की धार्मिक मर्यादा के विपरीत तेज आवाज में डीजे और नृत्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद थे।
धस्माना के मुताबिक, इस आयोजन को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने भी आपत्ति जताई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि विवाद बढ़ने के बाद चमोली जिला प्रशासन ने अपनी जिम्मेदारी से बचने के लिए आयोजन की जिम्मेदारी भारतीय सेना पर डालने का प्रयास किया।
कांग्रेस नेता ने दस्तावेजों का हवाला देते हुए दावा किया कि यह कार्यक्रम सेना के ‘ऑपरेशन सद्भावना’ के तहत जिला प्रशासन और उत्तराखंड पर्यटन विभाग के सहयोग से आयोजित किया गया था, जबकि आयोजन का मुख्य समन्वय प्रशासन के स्तर पर किया गया था।
धस्माना ने बताया कि 8 सितंबर को चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्य विकास अधिकारी को महोत्सव के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया था। इसके बाद 9 सितंबर को डीएम कार्यालय की ओर से जारी पत्र में 10 सितंबर को सीडीओ की अध्यक्षता में बैठक बुलाए जाने का भी उल्लेख था।
धस्माना का आरोप है कि विवाद सामने आने के बाद जिलाधिकारी ने सेना को पत्र भेजकर कार्यक्रम की अनुमति और तेज आवाज वाले साउंड सिस्टम के इस्तेमाल को लेकर स्पष्टीकरण मांगा, जबकि उनके मुताबिक आयोजन में जिला प्रशासन की भी भूमिका थी।
कांग्रेस नेता ने कहा कि इस पूरे मामले में सरकार को अपनी जिम्मेदारी स्पष्ट करनी चाहिए और सेना को जिम्मेदार ठहराने के बजाय पूरे घटनाक्रम की जवाबदेही तय करनी चाहिए। उन्होंने भाजपा सरकार पर धर्म और सेना के सम्मान को लेकर दोहरे रवैये का आरोप भी लगाया।
