Cold wave to increase in Uttarakhand, cold will continue in the morning and evening for the next three days.
देहरादून। प्रदेश में दिन के समय धूप भले ही राहत दे रही हो, लेकिन आने वाले 2 से 3 दिनों में उत्तराखंड में सर्दी अपनी मौजूदगी और महसूस कराएगी। मौसम विज्ञानियों के अनुसार न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट दर्ज हो सकती है, जिससे सुबह और शाम ठंड और भी बढ़ेगी। फिलहाल 23 नवंबर तक मौसम शुष्क ही रहने का अनुमान है।
पिछले कुछ दिनों में दिन का अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ा है, जबकि रात का पारा सामान्य से 2 से 3 डिग्री नीचे आ गया है। इससे रातें ठंडी होने लगी हैं। मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना भी है।
सोमवार को दून में अधिकतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री ज्यादा 25.7 डिग्री व न्यूनतम तापमान 1 डिग्री कम होकर 10.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी ऐसा ही मौसम देखने को मिला, जिससे सुबह-शाम ठंड का अहसास भी तेज हो गया।
