सीएम धामी ने एसडीजी अचीवर्स अवॉर्ड समारोह में 3 व्यक्तियों, 9 संस्थानों और 4 औद्योगिक प्रतिष्ठानों को किया सम्मानित

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एसडीजी अचीवर्स अवॉर्ड समारोह में सम्मानित किए 3 व्यक्तियों, 9 संस्थानों और 4 औद्योगिक प्रतिष्ठानों को

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सोमवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित एसडीजी अचीवर्स अवॉर्ड समारोह में 3 व्यक्तियों, 9 संस्थानों और 4 औद्योगिक प्रतिष्ठानों को एसडीजी अचीवर्स अवॉर्ड से सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने ‘अग्रगामी 2.0’ नामक पुस्तक का भी लोकार्पण किया, जो पिछले वर्ष के एसडीजी अचीवर्स अवॉर्ड से पुरस्कृत व्यक्तियों और संस्थाओं द्वारा किए गए अभिनव प्रयासों की कहानी को दर्शाती है। साथ ही एसडीजी इंडेक्स उत्तराखंड 2023-2024 का भी विमोचन किया।

एसडीजी अचीवर्स अवॉर्ड के अंतर्गत, मुख्यमंत्री ने 3 प्रमुख जिलों को सम्मानित किया, जिनमें नैनीताल जनपद ने पहले स्थान, देहरादून ने दूसरे स्थान और उत्तरकाशी ने तीसरे स्थान पर रैंक हासिल की। इन जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों को भी मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि राज्य सरकार 2030 तक सतत विकास के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने “त्रि-स्तंभीय एवं नौ-सूत्रीय नीति” की शुरुआत की बात करते हुए इसे सतत विकास के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

उन्होंने यह भी बताया कि तीन साल पहले जब एसडीजी इंडिया इंडेक्स में राज्य 9वें स्थान पर था, तो अब उत्तराखंड देश में पहले स्थान पर है। राज्य ने गरीबी उन्मूलन, खाद्य सुरक्षा, पेयजल और स्वच्छता, स्वच्छ ऊर्जा, जलवायु परिवर्तन जैसे क्षेत्रों में अहम उपलब्धियां हासिल की हैं। मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री महिला उद्यमिता प्रोत्साहन योजना, सौर ऊर्जा क्रांति, स्मार्ट सिटी मिशन, और मुख्यमंत्री शहरी आजीविका योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से राज्य में इन क्षेत्रों को सशक्त किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सतत विकास लक्ष्यों में पहली रैंकिंग को बनाये रखना चुनौतीपूर्ण होगा, लेकिन सबके सामूहिक प्रयासों से राज्य को और आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि पिछले तीन वर्षों में राज्य ने नीतियों के सरलीकरण और राजस्व प्राप्ति में तेजी से सुधार किया है। उदाहरण स्वरूप, खनन राजस्व ₹400 करोड़ से बढ़कर ₹1200 करोड़ हो गया है, और अन्य क्षेत्रों में भी राजस्व वृद्धि तेज हुई है।

समारोह में विधायक सविता कपूर, दुर्गेश्वर लाल, मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, यूएनडीपी की रेजिडेंट प्रतिनिधि डॉ. एंजेला लुसुगी, पूर्व मुख्य सचिव एन रविशंकर, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, ग्राम्य विकास एवं पलायन निवारण आयोग के उपाध्यक्ष एस.एस. नेगी, और सीपीपीजीजी के एसीईओ मनोज पंत भी उपस्थित रहे।