चारधाम यात्रा 2026—ऋषिकेश में 17 अप्रैल से ऑफलाइन पंजीकरण शुरू, बढ़ाई गई सुविधाएं

ऋषिकेश: चारधाम यात्रा को लेकर अब तैयारियां तेज हो गई हैं। तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए ऋषिकेश में 17 अप्रैल से ऑफलाइन पंजीकरण प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। पंजीकरण एजेंसी ने इसके लिए कर्मचारियों की भर्ती भी शुरू कर दी है, जिन्हें जल्द ही प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

यात्री पंजीकरण प्रभारी प्रेमानंद के अनुसार, चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप में 2 अलग-अलग स्थानों पर 12-12 काउंटर लगाए जाएंगे, जहां दो शिफ्ट में पंजीकरण कार्य भी किया जाएगा। इसके अलावा आईएसबीटी परिसर में 6 काउंटरों पर भी यात्रियों का रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। साथ ही 30 कर्मचारी हैंड डिवाइस व मोबाइल के जरिए अलग-अलग स्थानों पर पंजीकरण की सुविधा भी देंगे।

लक्ष्मणझूला रोड स्थित गुरुद्वारा परिसर में भी चार काउंटर स्थापित किए जाएंगे, ताकि यात्रियों को अधिक सुविधा मिल सके और भीड़ का दबाव भी कम हो।

पिछले वर्ष यात्रा के दौरान काउंटरों की संख्या बढ़ाकर 12 तो कर दी गई थी, लेकिन लाइन व्यवस्था पर्याप्त नहीं होने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा था। इस बार उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद ने इस कमी को दूर करते हुए सभी 12 काउंटरों के बाहर अलग-अलग एंगल वाली लाइनें भी तैयार कर दी हैं।

चारधाम यात्रा प्रशासन के कार्याधिकारी पीपी नौटियाल ने बताया कि नई व्यवस्था से यात्रियों को पंजीकरण में सहूलियत मिलेगी व भीड़ प्रबंधन भी बेहतर तरीके से किया जा सकेगा।