BJP works to strengthen its political base in Haridwar; focus on visits by prominent leaders and development schemes ahead of the assembly elections.
भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए हरिद्वार जिले में अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करने की कवायद में जुटी है। विपक्ष के प्रभाव वाले इस जिले में पार्टी ने सालभर अपनी सक्रियता बनाए रखी। केंद्रीय नेताओं के दौरों से लेकर संगठनात्मक कार्यक्रमों और सरकारी आयोजनों के जरिए हरिद्वार पर लगातार फोकस किया गया। कैबिनेट बैठक और विकास योजनाओं के माध्यम से भी जिले में राजनीतिक और विकास संबंधी संदेश देने की कोशिश की गई।
हरिद्वार जिला भाजपा के लिए एक बड़ी चुनावी चुनौती बना हुआ है। पिछले विधानसभा चुनाव में जिले की 11 सीटों में से भाजपा को केवल तीन सीटों पर जीत मिली थी, जबकि कांग्रेस ने छह सीटों पर कब्जा जमाया था। इसके अलावा एक सीट बसपा और एक निर्दलीय प्रत्याशी के खाते में गई थी। वहीं, वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने यहां आठ सीटों पर जीत हासिल की थी। ऐसे में पार्टी के सामने पिछले चुनाव के मुकाबले अपनी स्थिति सुधारने की चुनौती है।
इसी रणनीति के तहत सालभर हरिद्वार में केंद्रीय नेताओं के दौरे होते रहे। जनवरी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एक कार्यक्रम में हरिद्वार पहुंचे। इसके बाद मार्च में धामी सरकार के चार साल पूरे होने पर आयोजित जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल कार्यक्रम में शामिल होकर उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। जून में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा भी हरिद्वार पहुंचे। वहीं, अब भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी ने जिले में पार्टी की गतिविधियों को फिर चर्चा में ला दिया।
संगठनात्मक स्तर पर भी भाजपा ने हरिद्वार को प्राथमिकता दी। अक्टूबर में जिले में प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की गई। इसी साल धामी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में हरिद्वार जिले से मदन कौशिक और प्रदीप बत्रा को कैबिनेट मंत्री बनाया गया। इसके अलावा जिले से कई नेताओं को विभिन्न दायित्व भी सौंपे गए। इन फैसलों के जरिए जिले को संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की गई।
विकास योजनाओं के लिहाज से भी हरिद्वार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। हरिद्वार और ऋषिकेश को नमो कॉरिडोर से जोड़ने की योजना तैयार की जा रही है। इसके साथ ही गंगा एक्सप्रेसवे को हरिद्वार से जोड़ने और हरिद्वार बाईपास फेज-2 की योजना भी प्रस्तावित है। भाजपा इन विकास परियोजनाओं और संगठनात्मक गतिविधियों के जरिए जिले में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश में जुटी है।
