किसान दिवस पर खेत पहुंचे कृषि मंत्री गणेश जोशी, किसानों से संवाद कर साझा किया अपनापन

राष्ट्रीय किसान दिवस के अवसर पर प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी देहरादून के रानी पोखरी भट्ट नगर गांव में किसानों के बीच में पहुंचे। उन्होंने खेतों में जाकर फसलों का अवलोकन किया, किसानों से संवाद किया और उनकी समस्याओं व सुझावों का फीडबैक भी लिया।

कृषि मंत्री ने उत्पादन लागत, सिंचाई, बीज, खाद, कीटनाशक व विपणन से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा की और अधिकारियों को किसानों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान उन्होंने फार्म मशीनरी बैंक का भी निरीक्षण किया।

किसान दिवस पर मंत्री जोशी ने किसानों के साथ बैठकर भोजन किया और प्रदेश के सभी किसानों को शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय दोगुनी करने, आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने और योजनाओं का अधिकतम लाभ किसानों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास भी कर रही है।

कार्यक्रम से पूर्व कृषि मंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित कर किसानों के प्रति उनके योगदान को भी याद किया।