जोशीमठ में स्थापित होगा नया आपदा कंट्रोल रूम, सीएम ने हिमस्खलन क्षेत्र का किया हवाई सर्वेक्षण

सीएम धामी ने माणा में हिमस्खलन पर राहत कार्यों की समीक्षा की, जोशीमठ में कंट्रोल रूम की होगी स्थापना

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने माणा में हुए हिमस्खलन के बाद देर रात राज्य आपदा परिचालन केंद्र पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि एनडीआरएफ, एसडीआरएफ व आईटीबीपी के जवानों को आपसी सहयोग से बर्फ हटाने का कार्य तेजी से करना चाहिए। उन्होंने ये भी सुनिश्चित करने को कहा कि जिन श्रमिकों को सुरक्षित निकाला गया है, उनका विशेष ध्यान भी रखा जाए।

मुख्यमंत्री धामी ने जोशीमठ स्थित आर्मी अस्पताल, जिला अस्पताल और एम्स ऋषिकेश सहित सभी अस्पतालों में आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

शनिवार सुबह, मुख्यमंत्री ने चमोली जिले के माणा क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण किया और स्थिति का जायजा भी लिया। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों को तत्काल राहत कार्यों को प्रभावी रूप से संचालित करने के भी निर्देश दिए।

चमोली जिले में हुए अचानक हिमस्खलन में 55 श्रमिक फंस गए थे, जिनके लिए तुरंत राहत कार्य शुरू किए गए थे। सीएम ने 4 घंटे के भीतर आपदा परिचालन केंद्र का दूसरा दौरा किया और राहत कार्यों की पल-पल की जानकारी भी ली, साथ ही कार्यों को तेज करने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए।