- बुजुर्ग महिला से ठगी कर आभूषण ले जाने की घटना का दून पुलिस ने 48 घंटे में किया खुलासा।
- घटना को अजांम देने वाले 04 अभियुक्तों को गाजियाबाद तथा दिल्ली से किया गिरफ्तार।
- अभियुक्तों द्वारा महिला से ठगे गये आभूषणों पर लिया था गोल्ड लोन, अभियुक्तों के कब्जे से गोल्ड लोन की धनराशि को किया बरामद ।
- बुजुर्ग महिलाओं/सीनियर सिटीजन और बच्चों की सुरक्षा हमारी दून पुलिस की प्राथमिकता में है: एसएसपी देहरादून
थाना नेहरू कालोनी: दिनाँक: 07-10-23 को वादी नवीन निवासी: शान्तिविहार फेज 3 अजबपुरकला देहरादून द्वारा थाना नेहरू कॉलोनी में लिखित तहरीर दी कि, उनकी माता दिनांक: 07-10-23 को मोथोरावाला चौक पर देहरादून से चम्बा जाने के लिये बस का इन्तेजार कर रही थीं तभी वहां एक कार सवार व्यक्ति आकर रूका जिसने उनसे ऋषिकेश जाने के लिये पूछा, जिस पर मेरी माता जी व दो अन्य सवारियां (एक महिला व एक पुरूष) कार में बैठ गये रिस्पना पुल पहुंचने पर कार चालक द्वारा आगे चैकिंग की बात कहते हुए पीछे बैठी सवारियो से अपने समस्त आभूषण एक लिफाफे में रखने को कहा, जिस पर मेरी माता जी व उनके साथ बैठी एक महिला ने अपने आभूषण उतारकर उस लिफाफे में रख दिये। बाद में मेरी माताजी को कोई अन्य लिफाफा पकडाकर मोहकमपुर के पास उतार दिया।
जब मेरी माता जी द्वारा उक्त लिफाफे को खोला गया तो उसमें अखबार के टुकडे भरे थे। वादी द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर तत्काल थाना नेहरू कालोनी पर भादवि का अभियोग पंजीकृत किया गया। अभियोग के अनावरण के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा थानाध्यक्ष नेहरू कालोनी को आवश्यक निर्देश देते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया।
गठित पुलिस टीम द्वारा घटना के सम्बन्ध में पीडित महिला से जानकारी करने पर उक्त घटना में 04 व्यक्तियों का संलिप्त होना प्रकाश में आया। जिस पर पुलिस टीम द्वारा घटना स्थल व उसके आस-पास के मार्गों के सीसीटीवी फुटेज चैक किये गये तो उक्त घटना में एक दिल्ली नम्बर की कार का प्रयुक्त होना प्रकाश में आया, जिसके सम्बन्ध में पुलिस टीम द्वारा जानकारी एकत्रित करते हुए मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया।
पुलिस द्वारा किये गये अथक प्रयासों के परिणाम स्वरूप पुलिस टीम को घटना में संलिप्त मुख्य अभियुक्त इन्द्रजीत को घटना में प्रयुक्त वाहन के साथ गाजियाबाद से गिरफ्तार करने में सफलता मिली। पूछताछ में अभियुक्त द्वारा अपने साथियों अमन , कमल और तमन्ना के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया जाना स्वीकार किया गया। जिस पर पुलिस टीम द्वारा घटना में संलिप्त अन्य तीनों अभियुक्तों को दिल्ली में अलग-अलग स्थानो से गिरफ्तार किया गया। जिनके पास से घटना में ठगी गयी ज्वैलरी को बैंक में गिरवी रखकर प्राप्त की गयी नगदी बरामद की गई।
पूछताछ में अभियुक्तों द्वारा बताया गया कि उनके द्वारा 07-10-23 को देहरादून में एक महिला से धोखाधडी कर उससे एक मंगलसूत्र, 02 कान की एयररिंग और 01 अंगूठी ठग ली थी। प्रात गहनों को अभियुक्ता तमन्ना द्वारा आईआईएफएल फाइनेंस कम्पनी मयूर विहार नई दिल्ली में गिरवी रखकर 67000 रू0 का लोन प्राप्त किया था।
प्राप्त रकम में से हम सभी के हिस्से में 15-15 हजार रू0 आये। बाकी के पैसे हमारे आने-जाने में खर्च हो गये थे।
