Two people, including a woman, died in separate road accidents in Roorkee; Traffic jam ensued on the highway.
रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र में शनिवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। पहली घटना पिरान कलियर कोतवाली क्षेत्र में हुई, जहां मिनी ट्रक की टक्कर से स्कूटर सवार युवक की जान चली गई। वहीं, दूसरी घटना गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के सालियर गांव के पास हुई, जहां ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों घटनाओं की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। हादसों के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा है।
पहली घटना पिरान कलियर कोतवाली क्षेत्र की है। दौलतपुर गांव निवासी अनुज पुत्र शिवराम स्कूटर से धनौरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक मिनी ट्रक ने उसके स्कूटर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अनुज गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही धनौरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मिनी ट्रक को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश की जा रही है।
दूसरा हादसा रुड़की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में सालियर गांव के पास हाईवे पर हुआ। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह बिजनौर निवासी एक परिवार बाइक से अपने घर लौट रहा था। बाइक पर महिला जावेदा (29), उनके पति मोहम्मद मुसाद और दो बच्चे सवार थे। इसी दौरान एक ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में जावेदा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति और दोनों बच्चे सुरक्षित बच गए।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। महिला की मौत से आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और आक्रोशित लोगों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। काफी देर तक मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। बाद में पुलिस ने जाम खुलवाकर महिला के शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए रुड़की सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया।
एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिए गए हैं। दोनों वाहनों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और उनके चालकों की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दोनों हादसों के कारणों की जांच कर रही है।
