Major road accident in Almora Bolero plunges into a 400-meter-deep gorge; three dead, including a mother and daughter.
अल्मोड़ा जिले के सेराघाट-पिथौरागढ़ मोटर मार्ग पर हरड़ा के पास बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक बोलेरो मैक्स अनियंत्रित होकर करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में मां-बेटी और वाहन चालक की मौत हो गई। तीनों हरड़ा गांव के निवासी थे। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मां-बेटी भाई दूज का त्योहार मनाने के लिए पिथौरागढ़ गई थीं। बुधवार देर रात दोनों बोलेरो से वापस अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान हरड़ा के पास वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। रात के समय हादसे की जानकारी किसी को नहीं मिल सकी।
गुरुवार सुबह राहगीरों ने सड़क से नीचे खाई में दुर्घटनाग्रस्त वाहन देखा और पुलिस को सूचना दी। सुबह करीब नौ बजे सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। खाई काफी गहरी होने के कारण शवों को बाहर निकालने में टीम को मशक्कत करनी पड़ी।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। तीनों की मौत से हरड़ा गांव में शोक की लहर है।
