CM Dhami inaugurates Jaunpur Mahotsav; emphasizes expanding tourism facilities in the Tehri Lake region.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने थत्यूड़ पहुंचकर तीन दिवसीय जौनपुर महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के विकास को गति देने के उद्देश्य से विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार टिहरी झील क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। क्षेत्र में साहसिक पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि तिवाड़ गांव को पर्यटन ग्राम घोषित कर क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं को विकसित करने की दिशा में पहल की गई है। इससे स्थानीय लोगों को स्वरोजगार और रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।
उन्होंने कहा कि पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के लिए कद्दूखाल में करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से वाहन पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है। इससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को आवागमन और पार्किंग की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास, पर्यटन और स्थानीय संस्कृति के संरक्षण को प्राथमिकता दे रही है। जौनपुर महोत्सव जैसे आयोजन क्षेत्र की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को पहचान दिलाने के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा देते हैं।
इस अवसर पर विधायक प्रीतम सिंह पंवार, ओबीसी आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी, भाजपा जिला अध्यक्ष उदय रावत, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष सुभाष रमोला, मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
