Uproar over an allegedly offensive post against Dera Sachkhand Ballan; Adampur police station besieged, Jalandhar-Hoshiarpur road blocked.
जालंधर: डेरा सचखंड बल्लां के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित तौर पर गलत पोस्ट डालकर बदनाम करने के मामले में पुलिस की कार्रवाई से नाराज बहुजन समाज के लोगों ने शुक्रवार रात करीब 7:30 बजे आदमपुर पुलिस थाने का घेराव कर मुख्य मार्ग जाम कर दिया। देर रात तक चले प्रदर्शन के कारण जालंधर-होशियारपुर मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा और सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
प्रदर्शन में श्री गुरु रविदास जी और महर्षि भगवान वाल्मीकि से संबंधित संस्थाओं, डॉ. बी.आर. अंबेडकर संगठनों, बाबा बुड्ढा दल आदमपुर के जत्थेदारों और डेरा सचखंड बल्लां की संगत ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए संबंधित व्यक्ति की गिरफ्तारी और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
डॉ. बी.आर. अंबेडकर एकता मंच पंजाब के अध्यक्ष बाबा मुकेश दास राम नगर, अंबेडकर सेना पंजाब के बलविंदर कुमार और आदमपुर के अध्यक्ष बलबीर सिद्धू ने बताया कि पिछले कई दिनों से एक व्यक्ति कथित तौर पर सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर डेरा सचखंड बल्लां को बदनाम कर रहा था। इस संबंध में आदमपुर पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की गई थी। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस को कार्रवाई के लिए तीन-चार दिन का समय देने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि पुलिस ने संबंधित व्यक्ति को पकड़ने के बाद बिना कोई कार्रवाई किए छोड़ दिया। इसी बात से नाराज होकर उन्हें सड़क पर उतरकर मुख्य मार्ग जाम करना पड़ा। उन्होंने कहा कि डेरा सचखंड बल्लां के खिलाफ कथित तौर पर गलत पोस्ट डालने वाले व्यक्ति के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए और इस तरह की हरकतों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर बसपा पंजाब के महासचिव एडवोकेट बलविंदर कुमार, रविदासिया धर्म प्रचार कमेटी आदमपुर के अध्यक्ष सुरिंदर कुमार खुरदपुर, वारिस पंजाब के आदमपुर हलका इंचार्ज गुरप्रीत सिंह भोगल, बाबा बुड्ढा दल आदमपुर के जत्थेदार विकास सिंह और बाबा गुरवीर सिंह सहित विभिन्न संगठनों के नेता और आसपास के गांवों से संगत मौके पर पहुंची। सभी ने संबंधित व्यक्ति की गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई की मांग दोहराई।
आदमपुर मुख्य मार्ग जाम होने से जालंधर से होशियारपुर और होशियारपुर से जालंधर जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई वाहन चालकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए गांवों के रास्तों से होकर गुजरना पड़ा।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आदमपुर सब-डिवीजन के डीएसपी राजीव कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों और विभिन्न संगठनों के नेताओं से बातचीत कर धरना समाप्त करवाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी गिरफ्तारी और कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
डीएसपी राजीव कुमार ने संगठनों के नेताओं को आश्वासन दिया कि पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है और संबंधित व्यक्ति को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीमें भेज दी गई हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि डेरा सचखंड बल्लां को कथित तौर पर बदनाम करने के मामले में संबंधित व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
