Uproar in Ludhiana following a collision between a car and an e-rickshaw; the car dragged a man—who had fallen onto its bonnet—for half a kilometer.
लुधियाना: पंजाब के लुधियाना के चंद्र नगर स्थित हरगोबिंद नगर में कार और ई-रिक्शा के बीच मामूली टक्कर के बाद विवाद बढ़ गया। दोनों पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी ने मारपीट और पथराव का रूप ले लिया। इस दौरान कार में तोड़फोड़ की गई और एक व्यक्ति कार के बोनट पर गिर गया। आरोप है कि चालक उसे करीब आधा किलोमीटर तक उसी हालत में लेकर चला गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
मामूली टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, हुंडई क्रेटा और ई-रिक्शा के बीच हल्की भिड़ंत हुई थी। कार में चालक के साथ उसका परिवार मौजूद था, जबकि ई-रिक्शा में चालक के साथ एक यात्री बैठा था। टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई।
कार में तोड़फोड़ और पथराव
विवाद बढ़ने पर कुछ लोगों ने कार में तोड़फोड़ शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि इस दौरान घबराए चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी, तभी एक व्यक्ति कार के बोनट पर गिर गया। आरोप है कि चालक उसे करीब आधा किलोमीटर तक लेकर चला गया। वहीं, भीड़ ने कार को रोकने के प्रयास में पीछे से पत्थर और ईंटें फेंकीं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही थाना हैबोवाल के अंतर्गत आने वाली चौंकी जगतपुरी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों के कुछ लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही विवाद के कारणों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
