Tragic accident on the Rishikesh-Badrinath highway; taxi falls into a gorge, two dead and three injured.
ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पाली पुलिया के पास एक टैक्सी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर वाहन में सवार लोगों को खाई से बाहर निकाला।
एसडीएम कीर्तीनगर पंकज भट्ट ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही देवप्रयाग की टीम मौके पर पहुंच गई। इसके बाद एसडीआरएफ को भी सूचना दी गई। एसडीआरएफ की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य किया। टैक्सी में कुल पांच लोग सवार थे। इनमें से दो की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है और उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
देवप्रयाग कोतवाली के प्रभारी कृष्ण कांत के अनुसार, टैक्सी चंडीगढ़ से चमोली की ओर जा रही थी। इसी दौरान पाली पुलिया के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और टैक्सी गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
हादसे में घायल लोग:
- उत्तम सिंह (33), पुत्र मोहन सिंह, निवासी ग्राम लाडोली, रुद्रप्रयाग।
- टीशा रावत (18), पुत्र लक्ष्मण सिंह रावत, निवासी ग्राम बीना, रुद्रप्रयाग।
- सुनीता देवी (45), पत्नी लक्ष्मण सिंह रावत, निवासी ग्राम बीना, रुद्रप्रयाग।
मृतकों का विवरण:
- सत्येश्वरी देवी (72), पत्नी हुकम सिंह चौहान, निवासी किमखाल, थाना कर्णप्रयाग, जिला चमोली।
- अनिल (33), पुत्र सुदर्शन, निवासी किमोली पारतोली, जिला चमोली। वह टैक्सी चालक था।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस और बचाव दल ने सभी पांचों लोगों को लेकर कार्रवाई पूरी की।
