Drunken car driver wreaks havoc in Roorkee; rams into several e-rickshaws and pedestrians.
रुड़की में देर रात एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पर जमकर कहर बरपाया। आरोप है कि नशे की हालत में कार चला रहे युवक ने मलकपुर चुंगी से सोलानी नदी पुल तक कई ई-रिक्शा, वाहनों और राहगीरों को टक्कर मार दी। हादसे में कई लोगों के घायल होने की सूचना है।
बताया जा रहा है कि घटना रुड़की की सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के मलकपुर चुंगी के पास शुरू हुई। यहां कार चालक की कुछ लड़कियों से कहासुनी हो गई। विरोध के बाद युवक तेज रफ्तार में कार लेकर वहां से निकल गया। इसी दौरान उसने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और रास्ते में जो भी सामने आया, उससे टक्कर होती चली गई।
मलकपुर चुंगी से सोलानी नदी पुल तक बेकाबू कार ने कई वाहनों और लोगों को अपनी चपेट में लिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल भेजा गया।
बताया जा रहा है कि सोलानी नदी पुल तक पहुंचते-पहुंचते कार कई लोगों और वाहनों को टक्कर मार चुकी थी। आखिरकार पुल पर कार एक छोटा हाथी वाहन से टकराकर रुक गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार चालक को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और हादसे में घायल लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
सिविल लाइन कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट के मुताबिक, कार चालक को हिरासत में लिया गया है और मामले की जांच जारी है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
