Prostitution racket operating from a rented room in Patel Nagar busted; 6 arrested, minor girl rescued.
देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में पुलिस ने किराये के मकान में चल रहे कथित अनैतिक देह व्यापार के धंधे का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में गिरोह के सरगना समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दिल्ली से देहरादून लाई गई एक नाबालिग युवती को रेस्क्यू किया गया है। पुलिस के मुताबिक मौके से आपत्तिजनक सामग्री और देह व्यापार से अर्जित 18 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर को कोतवाली पटेलनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हरभजवाला स्थित नीलकंठ एनक्लेव में एक मकान के अंदर कुछ महिला और पुरुष अनैतिक देह व्यापार में लिप्त हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मकान में औचक छापेमारी की। मौके पर तीन महिलाएं और तीन पुरुष मिले, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि मुख्य आरोपी मनीष कुमार लखेड़ा ने मकान किराये पर लिया था और दिल्ली व आसपास के इलाकों से महिलाओं को बुलाकर कथित तौर पर देह व्यापार का धंधा चला रहा था। पुलिस के मुताबिक आरोपी फोन और व्हाट्सऐप के जरिए ग्राहकों से संपर्क करता था और उन्हें महिलाओं की तस्वीरें भेजता था। ग्राहकों की मांग के अनुसार महिलाओं को किराये के कमरे या ग्राहक के बताए स्थान पर भेजा जाता था।
पुलिस के मुताबिक, रेस्क्यू की गई नाबालिग युवती को आरोपी का साथी अभिषेक दिल्ली से मसूरी घुमाने के बहाने देहरादून लेकर आया था। आरोप है कि युवती पर गलत काम के लिए दबाव बनाया गया और उसके इनकार करने पर उसे कमरे में बंधक बनाकर रखा गया।
मामले में कोतवाली पटेलनगर में मु0अ0सं0 704/2026 के तहत बीएनएस की धारा 96/99/127(2)/3(5), पॉक्सो अधिनियम की धारा 14(5) और अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3/4/5/11 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में मनीष कुमार लखेड़ा निवासी नीलकंठ एनक्लेव हरभजवाला, अभिषेक निवासी महावीर नगर दिल्ली, भानू उर्फ सिद्धान्त निवासी बड़ोवाला देहरादून, ममता निवासी पूर्वी दिल्ली, नेहा निवासी संगम विहार दिल्ली और सुमन निवासी कल्याणपुरी दिल्ली शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आपत्तिजनक सामग्री और दवाइयां, साथ ही 18 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक नरेश सिंह राठौड़ के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की। टीम में व०उ०नि० मुकेश थलेड़ी, उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, महिला उपनिरीक्षक शिखा तेग्रवाल समेत कोतवाली पटेलनगर के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
