CM Dhami on alert following 'Red Alert' for heavy rain; officials instructed to remain vigilant round-the-clock.
मौसम विभाग की ओर से भारी बारिश के रेड अलर्ट को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन से बातचीत कर सभी संबंधित जिलों और विभागों को जरूरी एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और संभावित आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों की सभी तैयारियां पहले से पूरी रखने को कहा। साथ ही जिला आपातकालीन संचालन केंद्रों को सक्रिय रखने और मौसम संबंधी चेतावनियों को तत्काल स्थानीय स्तर तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने को कहा।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, देहरादून, टिहरी, हरिद्वार और पौड़ी जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और कहीं-कहीं अत्यंत भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा उत्तराखंड के नौ अन्य जिलों में गर्जन, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के साथ येलो अलर्ट जारी किया गया है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों की ओर न जाने की सलाह दी। संबंधित अधिकारियों को आपदा प्रबंधन सेवाओं को पूरी तरह तत्पर रखने और किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सभी विभागों को मौसम की स्थिति को देखते हुए उच्च स्तर की सतर्कता बनाए रखने और प्रभावी प्रतिवादन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
किसी भी आपदा या आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, हरिद्वार को दी जा सकती है। इसके लिए 01334-223999, 1077 टोल फ्री, 7055258800 और 9528250926 पर संपर्क किया जा सकता है। अधिकारियों को भी किसी भी महत्वपूर्ण सूचना को समय पर केंद्र तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आपात स्थिति में जल्द सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता ने बताया कि 25 सितंबर को नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया था। नौ जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है और इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।
वहीं, रेड अलर्ट वाले जिलों में 27 सितंबर को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
