सहस्त्रधारा में सेल्फी बनी जानलेवा, हरियाणा की 28 वर्षीय महिला की नदी में डूबने से मौत
देहरादून के सहस्त्रधारा में घूमने आई हरियाणा की 28 वर्षीय महिला नेहा आर्य की सेल्फी लेते समय नदी में गिरने से मौत हो गई। पैर फिसलने के बाद वह तेज बहाव में बह गई। पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों ने उसे नदी से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
हादसा शनिवार को सहस्त्रधारा क्षेत्र में हुआ। सीजन ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल संदीप जोगीवाल ने आईटी पार्क चौकी को सूचना दी कि नदी किनारे फोटो खींचते समय महिला का पैर फिसल गया और वह बहाव में चली गई। सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तलाश अभियान शुरू किया।
कुछ देर बाद महिला सहस्त्रधारा के पास नदी में मिली। उसे बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस से कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान नेहा आर्य (28) निवासी गांधी कॉलोनी, रेलवे स्टेशन के पास, कोतवाली नगर, पानीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और पंचायतनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है। हादसे के बाद पुलिस ने नदी और जलस्रोतों के किनारे सेल्फी लेते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।