अल्मोड़ा में पेड़ पर चढ़ा दिखा तेंदुआ, दिनदहाड़े आबादी वाले इलाके में मची दहशत
अल्मोड़ा। नगर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल ब्राइट एंड कॉर्नर के पास आज शनिवार को एक पेड़ पर तेंदुआ दिखाई देने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। दिनदहाड़े आबादी वाले इलाके में तेंदुए की मौजूदगी से स्थानीय लोगों और राहगीरों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क किनारे एक ऊंचे पेड़ की डाल पर तेंदुआ बैठा दिखाई दिया। तेंदुए को देखते ही लोगों ने उसके वीडियो और तस्वीरें अपने मोबाइल फोन में कैद कर सोशल मीडिया पर साझा कर दीं, जिसके बाद यह घटना तेजी से चर्चा का विषय बन गई।
स्थानीय लोगों का अनुमान है कि तेंदुआ किसी बंदर का पीछा करते हुए इस इलाके तक पहुंचा था और उसी दौरान पेड़ पर चढ़ गया। काफी देर तक वह पेड़ की डाल पर बैठा रहा और आसपास की गतिविधियों को देखता रहा। तेंदुए की मौजूदगी से आसपास के घरों में रहने वाले लोगों में भय का माहौल बन गया और बच्चों को घरों के भीतर रहने की सलाह दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही तेंदुआ पेड़ से उतरकर पास के जंगल की ओर चला गया। बताया जा रहा है कि बढ़ती भीड़ और शोर-शराबे के कारण तेंदुआ वहां से निकल गया।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग से आबादी वाले क्षेत्रों में वन्यजीवों की बढ़ती आवाजाही पर निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सतर्कता का माहौल बना हुआ है।