गढ़वाल दौरे पर रहेंगी कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा, चुनावी रणनीति और संगठन पर होगी मंथन

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा आज बुधवार से गढ़वाल मंडल के 4 जिलों के दौरे पर निकलेंगी। इस दौरान वह जिला स्तर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी चुनावों की रणनीति पर चर्चा करेंगी व संगठन से फीडबैक भी लेंगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने जानकारी देते हुए बताया कि कुमारी सैलजा अपने दौरे की शुरुआत ऋषिकेश से ही करेंगी। 7 मई को श्रीनगर में पौड़ी जिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी आयोजित होगी।

8 मई को वह केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन करेंगी। दर्शन के बाद लौटते समय रुद्रप्रयाग जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में शामिल भी होंगी। वहीं नौ मई को चमोली जिला कांग्रेस की बैठक के बाद उनका रात्रि विश्राम बदरीनाथ में ही रहेगा।

10 मई को कुमारी सैलजा भगवान बदरी विशाल के दर्शन भी करेंगी और इसके बाद श्रीनगर में रात्रि विश्राम भी करेंगी। दौरे के अंतिम दिन 11 मई को चंबा में टिहरी जिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की जाएगी।

इस बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह व चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी मौजूद रहेंगे।