उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में फिर बदलेगा मौसम, बारिश-बर्फबारी के आसार

उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में एक बार फिर से मौसम करवट लेने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के ऊंचाई वाले जिलों में हल्की बारिश व बर्फबारी हो सकती है।

पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर व पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना है। खासतौर पर 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के ज्यादा आसार भी जताए गए हैं।

हालांकि प्रदेश के मैदानी और अन्य जिलों में मौसम फिलहाल शुष्क ही बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार 19 फरवरी को भी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम का यही रुख रहने की संभावना है, जबकि 20 से 22 फरवरी तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान भी है।