उत्तराखंड में पर्यटन ने बनाया नया रिकॉर्ड, पहली बार 6 करोड़ से अधिक पर्यटक पहुंचे
देवभूमि उत्तराखंड में चारधामों के प्रति गहरी आस्था, शांत प्राकृतिक वातावरण व राज्य सरकार के प्रयासों के चलते पर्यटन ने नया कीर्तिमान स्थापित भी किया है। राज्य गठन के बाद पहली बार उत्तराखंड में पर्यटकों व तीर्थयात्रियों की संख्या 6 करोड़ के पार पहुंच गई है। इनमें सबसे अधिक 3.42 करोड़ श्रद्धालु व पर्यटक हरिद्वार पहुंचे।
पर्यटन विभाग के अनुसार वर्ष 2025 में कुल 6 करोड़ 3 लाख से अधिक पर्यटक उत्तराखंड में आए हैं, जिनमें लगभग 1.92 लाख विदेशी सैलानी भी शामिल हैं। हरिद्वार के अलावा देहरादून में 67 लाख से अधिक व टिहरी जनपद में करीब 53 लाख पर्यटक पहुंचे हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में पर्यटन को नई दिशा भी मिली है। बुनियादी सुविधाओं के विकास, बेहतर सुरक्षा व्यवस्था व सालभर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने का असर अब आंकड़ों में दिख भी रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पर्यटन उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और सरकार शीतकालीन यात्रा समेत नई पहलों के जरिए स्थानीय लोगों को रोजगार के अधिक अवसर भी उपलब्ध करा रही है।