अज्ञात वीआईपी मामला: सीबीआई ने देहरादून पुलिस से जुटाए अहम दस्तावेज, जांच तेज

अज्ञात वीआईपी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी के बाद केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने मंगलवार को देहरादून पुलिस से मामले से जुड़े अहम दस्तावेज भी हासिल किए। सूत्रों के मुताबिक, अभी कुछ और दस्तावेज प्राप्त किए जाने भी बाकी हैं। सीबीआई जल्द ही वसंत विहार थाने में दर्ज प्राथमिकी के वादी पद्मश्री डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के बयान भी अब दर्ज कर सकती है।

गौरतलब है कि 9 जनवरी को पद्मश्री डॉ. जोशी की शिकायत पर देहरादून के वसंत विहार थाने में अज्ञात वीआईपी के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमपुष्कर सिंह धामी ने सीबीआई जांच की संस्तुति भी की थी।

इसके बाद सीबीआई ने वसंत विहार थाने में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर सोमवार को दिल्ली स्थित सीबीआई स्पेशल क्राइम ब्रांच-2 में अज्ञात वीआईपी के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की। एफआईआर दर्ज होते ही सीबीआई की एक टीम सोमवार शाम देहरादून में पहुंच गई थी।

सीबीआई सूत्रों के अनुसार, टीम ने मंगलवार को देहरादून पुलिस से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेज भी जुटाए हैं। साथ ही, सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो की भी गहन समीक्षा भी की जाएगी। स्थानीय पुलिस पहले ही इन वीडियो को जांच के लिए केंद्रीय फॉरेंसिक लैब, चंडीगढ़ भी भेज चुकी है।

इसके अलावा, सीबीआई वर्ष 2022 में हुए हत्याकांड के दौरान हुए आंदोलनों, आरोप-प्रत्यारोप व न्यायालयों में दी गई शिकायतों की भी पड़ताल करेगी। जांच एजेंसी हत्या के मामले में कब्जे में लिए गए रिजॉर्ट के रजिस्टर तक की भी जांच करेगी।

सीबीआई की जांच आगे बढ़ने के साथ ही इस बहुचर्चित मामले में नए खुलासों की संभावना भी जताई जा रही है।