त्यूनी को मिलेगी आधुनिक लाइब्रेरी, ₹12 लाख स्वीकृत, पहली किस्त जारी

देहरादून। मुख्यमंत्री के शिक्षा-प्रेरित विज़न व जिलाधिकारी सविन बंसल के प्रयासों से जनपद देहरादून के दूरस्थ और सीमांत क्षेत्र त्यूनी को आधुनिक सार्वजनिक पुस्तकालय की सौगात मिली है। त्यूनी में लाइब्रेरी की मरम्मत व फर्नीचर व्यवस्था के लिए ₹12 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है, जिसमें से 60 प्रतिशत यानी ₹7.20 लाख की पहली किस्त भी जारी कर दी गई है।

जिलाधिकारी के त्यूनी भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं व संकल्प जनजातीय उत्थान फाउंडेशन समिति ने पुस्तकालय की आवश्यकता रखी थी। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्रामीण निर्माण विभाग के माध्यम से ₹12.20 लाख का प्राक्कलन तैयार भी कराया गया, जिसके आधार पर जिला खनिज फाउंडेशन न्यास की शासी परिषद ने ₹12 लाख की स्वीकृति भी प्रदान की।

स्वीकृत धनराशि में से ₹7.20 लाख अधिशासी अभियंता, ग्रामीण निर्माण विभाग को जारी भी कर दिए गए हैं, जबकि शेष ₹4.80 लाख उपयोगिता प्रमाण पत्र व तृतीय पक्ष की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद जारी भी किए जाएंगे।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि दूरस्थ व सीमांत क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुविधाओं का विस्तार जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। त्यूनी में पुस्तकालय के सुदृढ़ीकरण से विद्यार्थियों को अध्ययन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी व ज्ञानवर्धन के बेहतर अवसर मिलेंगे।