उत्तराखंड में मौसम बदलेगा, पहाड़ों में हल्की बारिश-बर्फबारी की संभावना
देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में मंगलवार को हल्की बारिश व बर्फबारी होने की संभावना है, जबकि मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाए रहने से शीत दिवस जैसी स्थिति भी बन सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 6 जनवरी को उत्तरकाशी, चमोली व पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश व बर्फबारी के आसार हैं। 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना भी अधिक जताई गई है।
वहीं देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, चंपावत व पौड़ी जिलों के कुछ क्षेत्रों में घना कोहरा और पाला गिरने को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है, जिससे ठंड और भी बढ़ सकती है।
सोमवार को मैदानी इलाकों में दिन के समय कोहरे से कुछ राहत मिली, लेकिन शीत लहर के चलते ठंड बरकरार ही रही। देहरादून का अधिकतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक रहा। मौसम विभाग के अनुसार 11 जनवरी तक प्रदेश में मौसम शुष्क ही बना रहेगा।