Strictness after Mansa Devi stampede Orders for security audit every 15 days in religious places of Garhwal range
हरिद्वार के मनसा देवी मार्ग पर हाल में हुई भगदड़ की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन अब सतर्क हो गया है। गढ़वाल रेंज के आईजी राजीव स्वरूप ने रेंज के सभी धार्मिक स्थलों में हर 15 दिन में सुरक्षा ऑडिट कराने व नियमित मॉकड्रिल करने के निर्देश भी जारी किए हैं। उन्होंने सोमवार को रेंज के सभी 7 जिलों के पुलिस अधिकारियों को इस संबंध में स्पष्ट आदेश भी दिए।
आईजी स्वरूप ने कहा कि
धार्मिक स्थलों पर भीड़ नियंत्रण के लिए प्रभावी एसओपी तैयार की जाए, जिसमें यह स्पष्ट हो कि किन समयों में भीड़ अधिक रहती है और उस अनुसार सुरक्षात्मक उपाय भी किए जाएं। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि हर धार्मिक स्थल पर कम से कम एक सब-इंस्पेक्टर के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती भी सुनिश्चित की जाए, जिससे सुरक्षा व्यवस्था के संचालन व जवाबदेही में पारदर्शिता भी बनी रहे।
उन्होंने कहा कि आकस्मिक घटनाओं से निपटने के लिए ठोस कार्ययोजना भी तैयार की जाए और पुलिस के साथ-साथ इंटेलिजेंस यूनिट को भी सक्रिय किया जाए। जिलों के प्रशासन को धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा ऑडिट के साथ-साथ भीड़ नियंत्रण, विद्युत सुरक्षा व अग्नि सुरक्षा जैसे पहलुओं पर गहन समीक्षा कर आवश्यक उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
अग्नि सुरक्षा के भी खास निर्देश:
- धार्मिक स्थलों पर फायर फाइटिंग उपकरणों की स्थापना अनिवार्य की जाएगी।
- उपकरणों के संचालन के लिए फायर सर्विस कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
- विद्युत व्यवस्थाओं की नियमित जांच हो और संबंधित विभाग को उत्तरदायी बनाया जाए।
आईजी ने कहा कि मॉकड्रिल के दौरान सामने आने वाली कमियों को तत्काल ठीक किया जाए और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से धार्मिक स्थलों पर सभी बुनियादी सुविधाएं जैसे बिजली, पानी व सुरक्षा संसाधनों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए।
