सीएम धामी ने किया योगाभ्यास, कहा – योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाएं, उत्तराखंड बनेगा योग की वैश्विक राजधानी

देहरादून : सीएम पुष्कर सिंह धामी ने आज गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री आवास परिसर में अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ योगाभ्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी लोगों से अपनी दिनचर्या में योग को नियमित रूप से शामिल करने की भी अपील की।

मुख्यमंत्री धामी ने योग को केवल शारीरिक अभ्यास न मानते हुए इसे आंतरिक शांति व आत्मबोध की प्रक्रिया भी बताया। उन्होंने कहा कि योग मन को स्थिर करने के साथ चेतना की गहराइयों तक पहुंचने का भी मार्ग है।

मुख्यमंत्री ने कहा,

“भारत की सनातन संस्कृति का मूल स्तंभ योग है, जिसने आज पूरी दुनिया में करोड़ों लोगों के जीवन को प्रभावित भी किया है। योग ने भारतीय जीवनशैली को वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठा दिलाई है।”

उन्होंने बताया कि 2014 में पीएम नरेंद्र मोदी के प्रयासों से संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता भी दी थी, जिसे 177 देशों का समर्थन भी मिला।

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड योग और ऋषि-मुनियों की तपोभूमि है और राज्य सरकार का लक्ष्य इसे योग व वेलनेस की वैश्विक राजधानी भी बनाना है। इसके लिए नई योग नीति लागू की गई है, जो ग्राम स्तर तक योग को पहुंचाने व युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में काम भी कर रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे योग को अपनाएं और एक स्वस्थ, सकारात्मक व संतुलित जीवन की ओर कदम बढ़ाएं।