BJP asked Congress, when will the abusive MLA resign
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि वह देवभूमि के माहौल को विभाजनकारी राजनीति के जरिए खराब कर रही है। भाजपा ने कांग्रेस से सवाल किया कि जब एक कैबिनेट मंत्री ने इस्तीफा दिया, तो कांग्रेस के गालीबाज विधायकों और प्रदेश अध्यक्ष का इस्तीफा कब होगा। पार्टी ने यह भी कहा कि एक तरफ कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा का ढोंग करती है, तो दूसरी तरफ देवभूमि को तोड़ने की साजिशों में लगी है।
पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान वरिष्ठ विधायक और प्रदेश प्रवक्ता खजान दास ने कांग्रेस की अनर्गल बयानबाजी को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “राज्य के वर्तमान माहौल पर कुछ महत्वपूर्ण सवाल हैं जिनका उत्तर प्रदेश की जनता जानना चाहती है, विशेषकर कांग्रेस पार्टी से, जो लगातार राज्य में विभाजनकारी राजनीति करने में जुटी है।”
उन्होंने आगे कहा, “कांग्रेस अपने गालीबाज विधायकों और प्रदेश अध्यक्ष पर कार्रवाई कब करेगी? विधानसभा के बजट सत्र के दौरान एक दुर्भाग्यपूर्ण प्रकरण सामने आया था, जिस पर कैबिनेट मंत्री ने खेद जताते हुए माफी मांगी। लेकिन इसके बावजूद, कांग्रेस के नेताओं द्वारा राज्य के माहौल को खराब करने की कोशिशें जारी हैं। इसी कारण, मंत्री ने जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इस्तीफा दिया।”
“लेकिन सवाल यह उठता है कि कांग्रेस के जिन विधायकों ने विधानसभा में और बाहर गाली-गलौज की, उन्होंने न तो खेद जताया और न ही इस्तीफा दिया। क्यों कांग्रेस प्रदेश नेतृत्व और केंद्रीय नेतृत्व इन विधायकों पर कार्रवाई करने का साहस नहीं जुटा पा रहा है? कांग्रेस के ये दागी विधायक राज्य भर में घूम कर जनता को बांटने वाले बयान दे रहे हैं, जिससे माहौल खराब हो रहा है। प्रदेश नेतृत्व ने अब तक इन पर कार्रवाई क्यों नहीं की?” उन्होंने सवाल उठाया।
उत्तराखंडियत का ज्ञान देने वाले हरदा की चुप्पी पर सवाल
खजान दास ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरदा पर भी निशाना साधा। उन्होंने पूछा, “जो नेता सोशल मीडिया पर उत्तराखंडियत का ज्ञान बांटते हैं, वे अपने दागी विधायकों की आलोचना क्यों नहीं करते? क्या वे इन विधायकों के इस्तीफे के सवाल पर चुप हैं? प्रदेश की जनता यह जानना चाहती है कि कब इन जनप्रतिनिधियों को इस्तीफा देते हुए माफी मांगनी पड़ेगी।”
उन्होंने यह भी कहा, “फिलहाल कांग्रेस के इन दोषी नेताओं से नैतिकता की उम्मीद करना बेकार है। फिर भी, अगर कांग्रेस के कुछ नेताओं में थोड़ी सी शर्म बाकी है, तो वे अपने विधायकों से स्पष्टीकरण मांगें और उनके खिलाफ कार्रवाई का साहस दिखाएं।”
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पर भी हमला
उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा, “कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष, जो स्वयं गढ़वाल और उत्तराखंड के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग कर चुके हैं, उनसे कार्रवाई की उम्मीद क्या की जा सकती है? उन्हें तुरंत बर्खास्त किया जाना चाहिए।”
भा.ज.पा. सरकार की सफलता पर कांग्रेस की बौखलाहट
खजान दास ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी पीएम मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश के चौमुखी विकास को पचा नहीं पा रही है। “प्रदेश की जनता एक के बाद एक भाजपा सरकार पर विश्वास जता रही है, जिससे कांग्रेस नेता बुरी तरह बौखला गए हैं। यही कारण है कि कांग्रेस अब अपनी असफलताओं को छुपाने के लिए विभाजनकारी राजनीति कर रही है।”
भारत जोड़ो यात्रा का ढोंग करने वाली कांग्रेस
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा, “कांग्रेस का अब तक का रवैया उत्तराखंड को तोड़ने वाला रहा है। एक तरफ वे भारत जोड़ो यात्रा का ढोंग करती हैं, वहीं दूसरी ओर उत्तराखंड के कांग्रेस नेता विभाजनकारी बयान देकर राज्य को बांटने की कोशिश कर रहे हैं। यह निंदनीय है।”
विहार दिवस पर कांग्रेस का विरोध
चौहान ने बिहार दिवस पर कांग्रेस के विरोध को भी विभाजनकारी मानसिकता का परिणाम बताया। “भाजपा ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के सिद्धांत पर काम करती है, और देश के हर राज्य के स्थापना दिवस को मनाने की परंपरा रही है। लेकिन कांग्रेस का विरोध इस बात को साबित करता है कि उनके सोच में विभाजनकारी मानसिकता है।”
इस प्रेस वार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र सिंह नेगी, प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन, सुनीता विद्यार्थी और मीडिया संपर्क प्रमुख राजीव तलवार प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
