PM Surya Ghar Yojana Over 8,000 beneficiaries await state subsidy
देहरादून: प्रधानमंत्री सूर्या घर योजना के तहत घर की छतों पर सोलर पैनल इंस्टॉल कराने वाले 8,000 से अधिक लाभार्थियों को अब राज्य सरकार की सब्सिडी का अभी तक लाभ नहीं मिल पाया है। पिछले 6 महीनों से ये लाभार्थी उरेडा (उत्तराखंड रीन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी) के चक्कर भी काट रहे हैं। इस योजना के तहत 3 किलोवाट तक के सोलर सिस्टम इंस्टॉल करने पर घरों में मुफ्त बिजली मिलती है।
प्रदेश में इस योजना को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह है, जिसके चलते हाल ही में यूपीसीएल (उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड) को केंद्र सरकार द्वारा विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। अब तक 47,604 लोगों ने इस योजना के लिए आवेदन भी किया है, जिनमें से 19,375 घरों पर सोलर प्रोजेक्ट इंस्टॉल भी किए जा चुके हैं। वहीं, 17,485 का इंस्पेक्शन अप्रूव हो चुका है, जबकि 295 आवेदन रिजेक्ट हो गए हैं और 1,595 का इंस्पेक्शन लंबित है।
योजना के तहत केंद्र और राज्य सरकार अलग-अलग सब्सिडी देती है। 14,670 लाभार्थियों को केंद्र की सब्सिडी भी मिल चुकी है, लेकिन राज्य की सब्सिडी के लिए 8,000 से अधिक लाभार्थी अब भी इंतजार कर रहे हैं। वे उरेडा कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान ही नहीं हो पा रहा है। उरेडा अधिकारियों का कहना है कि बजट की कमी के कारण सब्सिडी का वितरण रोक दिया गया था, लेकिन अब इसके लिए विशेष बजट का प्रस्ताव भी तैयार किया जा रहा है।
लाभार्थियों को उम्मीद है कि जल्द ही यह समस्या हल हो और उन्हें उनकी सब्सिडी मिल सके।
