चारधाम यात्रा से पहले बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति में अध्यक्ष की कुर्सी खाली, नए अध्यक्ष की ताजपोशी का इंतजार

देहरादून: उत्तराखंड की चारधाम यात्रा नजदीक है, लेकिन बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) में अध्यक्ष की कुर्सी अभी तक खाली ही पड़ी है। प्रदेश सरकार अब तक नए अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं कर पाई है, जिससे बीकेटीसी की तैयारियों में बाधा भी आ रही है।

बीकेटीसी के अधीन बदरीनाथ, केदारनाथ समेत 47 मंदिर आते हैं, जिनमें दर्शन, पूजा पाठ व अन्य व्यवस्थाएं बीकेटीसी द्वारा संचालित की जाती हैं। साल 1939 में अंग्रेजों के समय गठित इस समिति के अध्यक्ष की नियुक्ति प्रदेश सरकार द्वारा की जाती है। निवर्तमान अध्यक्ष अजेंद्र अजय का 3 वर्ष का कार्यकाल 7 जनवरी को समाप्त हो चुका है, लेकिन अब तक नए अध्यक्ष का एलान ही नहीं हुआ है।

चारधाम यात्रा 30 अप्रैल से शुरू हो रही है, और इस बीच बीकेटीसी की तैयारियां बिना अध्यक्ष के ही चल रही हैं। यात्रा के दौरान बदरीनाथ व केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं के दर्शन और अन्य धार्मिक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए बीकेटीसी की बोर्ड बैठकें जरूरी ही होती हैं, लेकिन अध्यक्ष की कुर्सी खाली होने के कारण अब तक कोई बैठक ही नहीं हो पाई है।

बीकेटीसी अध्यक्ष पद के लिए कई बीजेपी नेता दावेदारी कर रहे हैं, लेकिन इस पर अंतिम निर्णय सीएम को ही लेना है। यात्रा से पहले बीकेटीसी के कार्यों को सुचारु रूप से चलाने के लिए नए अध्यक्ष की नियुक्ति की आवश्यकता और भी बढ़ गई है।