सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने ली देहरादून जिला विकास एवं निगरानी समिति की बैठक

केंद्र पोषित योजनाओं का लक्ष्य गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के दिए निर्देश, शिक्षा के क्षेत्र में जिलाधिकारी सविन बंसल के प्रयासों की सराहना

देहरादून : सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने सोमवार को राजपुर रोड स्थित वन मुख्यालय के मंथन सभागार में देहरादून जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक ली। इस बैठक में उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को जनहित की योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए आपसी सामंजस्य बनाए रखने का निर्देश भी दिया।

सांसद माला शाह ने केंद्र पोषित योजनाओं के लक्ष्य को गुणवत्ता के साथ पूरा करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना और जल जीवन मिशन से संबंधित शिकायतों के समाधान के लिए सांसद ने संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। साथ ही, पीएमजीएसवाई की सड़कों पर पानी निकासी व गड्ढों से मुक्त सड़कों के निर्माण की बात भी कही।

सांसद ने कुपोषित बच्चों को चिन्हित कर समय पर पोषण आहार किट उपलब्ध कराने व उनकी देखरेख पर भी जोर दिया। मनरेगा कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि मनरेगा के अंतर्गत शेष देनदारियों का भुगतान शीघ्र किया जाएगा। साथ ही, उन्होंने विभागीय अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि जनहित में बन रही योजनाओं की जानकारी जन प्रतिनिधियों को अवश्य दी जाए।

सांसद ने जिलाधिकारी सविन बंसल द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की और कहा कि सरकार की प्राथमिकता में सर्व शिक्षा है। बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए सभी जरूरी प्रयास भी किए जाने चाहिए।

बैठक के दौरान सांसद ने राष्ट्रीय राजमार्ग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क, जल जीवन मिशन, सर्व शिक्षा, पीएम पोषण, एनएचएम, स्मार्ट सिटी, डिजिटल इंडिया, पीएम स्वरोजगार, बाल विकास, सामाजिक सहायता, पीएम कृषि और सिंचाई, मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम आवास व अन्य केंद्र पोषित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

बैठक में विधायकों और समिति के सदस्यों ने विभिन्न विकास योजनाओं में आ रही समस्याओं को साझा किया व उनके त्वरित समाधान की आवश्यकता बताई।

बैठक में विभागीय अधिकारियों ने सांसद को जिले में संचालित केंद्र पोषित योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया। पीएमजीएसवाई द्वारा स्वीकृत 19 सड़कों में से 9 सड़कों का निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है। जल जीवन मिशन के तहत 129538 एफएचटीसी लगाने का काम पूरा हो चुका है।

देहरादून स्मार्ट सिटी के तहत 21 प्रोजेक्ट में से 20 पूरे हो चुके हैं व ग्रीन बिल्डिंग का काम प्रगति पर है।

जिले में 350 आंगनबाड़ी भवनों में से 178 का निर्माण पूर्ण हो चुका है।

प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण योजना के तहत 2023-24 के लिए निर्धारित 1330 आवासों में से 1297 आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है और 33 भवन निर्माण कार्य प्रगति पर हैं।

बैठक में रायपुर विधायक उमेश शर्मा, डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला, सहसपुर विधायक सहदेव पुंडीर, नगर पालिका अध्यक्ष नीरू देवी, दिशा समिति के सदस्य वंदना बिष्ट, दिव्या राणा, जिलाधिकारी सविन बंसल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा, अपर नगर आयुक्त हेमंत कुमार वर्मा और सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।