Three arrested for blackmailing a woman, case of making obscene photos viral by threatening her
31 जनवरी 2025 को थाना नेहरू कालोनी में एक महिला द्वारा प्रार्थना पत्र दर्ज कराया गया, जिसमें उसने अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ शिकायत की थी। आरोप था कि अभियुक्तों ने महिला और उसके परिवार के लोगों को विभिन्न मोबाइल नंबरों से गालियाँ दीं और जान से मारने की धमकी दी। इसके साथ ही महिला और उसके परिवार के सदस्य की मॉर्फ की गई अश्लील तस्वीरें और वीडियो बनाकर उनके व्हाट्सएप नंबरों पर भेजकर ब्लैकमेल किया गया। इस शिकायत के आधार पर थाना नेहरू कालोनी में आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने पुलिस टीम का गठन कर अभियुक्तों के खिलाफ ठोस कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने सर्विलांस के माध्यम से संदिग्ध मोबाइल नंबरों की जांच की और महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। इसके बाद, 8 फरवरी 2025 को दिल्ली-गुड़गांव से 3 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया और थाना नेहरू कालोनी में पूछताछ के लिए लाया गया।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे तीनों पहले कॉल सेंटर में काम करते थे, जहां से लोन लेने वालों के नंबर प्राप्त कर उन्हें वर्चुअल नंबरों से संपर्क किया जाता था। इसके बाद, वे लोन की वसूली के नाम पर लोगों को धमकाकर उनका व्यक्तिगत डेटा और परिवार के सदस्यों के नाम और नंबर प्राप्त करते थे। अभियुक्तों ने महिलाओं के मोबाइल नंबरों को टारगेट किया और उनकी प्रोफाइल की तस्वीरों को एडिट कर अश्लील मॉर्फ की गई तस्वीरें भेजीं। इसके बाद, उन्हें वायरल करने की धमकी देकर यूपीआई के माध्यम से पैसे की वसूली की जाती थी।
अभियुक्तों से मिली जानकारी के आधार पर संबंधित धाराओं में वृद्धि की गई और 9 फरवरी 2025 को तीनों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेशानुसार तीनों अभियुक्तों को जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया।
