डीजीपी अशोक कुमार का तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा, विदाई समारोह में अनुभव साझा करते वक्त डीजीपी हुए भावुक

डीजीपी अशोक कुमार का तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा हो गया। आज गुरुवार को देहरादून पुलिस लाइन में उनके लिए भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया। यहां डीजीपी अशोक कुमार अपने भाषण के दौरान अनुभव साझा करते वक्त भावुक हो गए।

 

30 नवंबर 2020 में अशोक कुमार डीजीपी बनने के दौरान ही उनके सामने अपार चुनौतियां थीं। उस वक्त कोविड काल चल रहा था। डीजीपी अशोक कुमार ने बताया कि इसके बाद तमाम आपदाएं आईं। पुलिस जनता के लिए बनी है। मैंने हमेशा पुलिस और जनता के बीच की दूरी कम की है।

 

डीजीपी अशोक कुमार अपने तीन वर्ष के कार्यकाल में पुलिस के लिए कई तरह के काम कर गए हैं। वहीं नए डीजीपी अभिनव कुमार ने कहा कि अशोक कुमार पुलिस फोर्स के लिए विश्वकर्मा रहे हैं। डीजीपी अशोक कुमार ने आधारभूत ढांचे को मजबूत किया है।

 

अशोक कुमार सेवानिवृत्ति से एक दिन पहले हरिद्वार पहुंचे थे। यहां विभिन्न सामाजिक संगठनों ने डीजीपी को 34 साल में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया। डीजीपी अशोक कुमार ने जनता से संवाद भी किया। गंगा आरती में शामिल होने के बाद सीसीआर में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें सम्मानित करते हुए बधाई दी। वहीं सेवानिवृत्त पर सीआरपीएफ उत्तराखंड सेक्टर की ओर से डीजीपी अशोक कुमार का सम्मान किया। इस दौरान डीजीपी अशोक कुमार ने सीआरपीएफ में रहने के दौरान के अपने अनुभवों को जवानों के साथ साझा किया।