उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम, बारिश और ओलावृष्टि के साथ लौटेगी ठंड, ऑरेंज अलर्ट जारी
उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम का मिज़ाज, बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट जारी
देहरादून, (संवाददाता शुभम कोठारी ): प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने को तैयार है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा जारी ताज़ा पूर्वानुमान के अनुसार पर्वतीय ज़िलों के साथ-साथ कुछ मैदानी इलाकों में भी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इसके चलते जहां पहाड़ों में दोबारा ठंडक महसूस भी की जाएगी, वहीं मैदानी क्षेत्रों को भी गर्मी से कुछ राहत भी मिल सकती है।
आज कुछ ज़िलों में येलो अलर्ट
बृहस्पतिवार को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश होने की संभावना भी जताई गई है। साथ ही तेज गर्जना और बिजली चमकने की आशंका को देखते हुए इन क्षेत्रों में येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। शेष ज़िलों में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है।
18-19 अप्रैल को ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने आगामी 18 अप्रैल को देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी और नैनीताल ज़िलों में बारिश और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। वहीं, 19 अप्रैल को प्रदेश के अधिकांश जिलों में भारी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है।
इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे तापमान में गिरावट और मौसम में ठंडक बनी रहने की संभावना भी है।
किसानों और यात्रियों के लिए चेतावनी
मौसम विभाग ने किसानों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने विशेष रूप से पर्वतीय इलाकों में यात्रा कर रहे लोगों से अपील की है कि वे मौसम की जानकारी लेकर ही निकलें और सतर्कता बरतें।