वक्फ संपत्तियों से होगा गरीब मुस्लिम समाज का कल्याण: मुख्यमंत्री धामी
भाजपा 20 अप्रैल से चलाएगी वक्फ जनजागरण अभियान
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि “गरीबों का हक, सिर्फ गरीबों को मिलेगा” के संदेश के साथ भारतीय जनता पार्टी 20 अप्रैल से राज्यभर में वक्फ जनजागरण अभियान शुरू करने जा रही है। इसका उद्देश्य वक्फ संपत्तियों का उपयोग गरीब, पसमांदा मुस्लिम समुदाय और महिलाओं के कल्याण में सुनिश्चित करना है।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यशाला में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि वक्फ संशोधन कानून धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाए बिना पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि वक्फ बोर्ड की सभी संपत्तियों की एक-एक इंच भूमि की जांच होगी और अवैध कब्जों को हटाकर उस ज़मीन पर जरूरतमंद मुस्लिम महिलाओं, विधवाओं और अनाथ बच्चों के लिए पीएम आवास, अस्पताल और शिक्षा संस्थान बनाए जाएंगे।
इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम ने भी कहा कि इस कानून का उद्देश्य तुष्टीकरण नहीं, बल्कि सशक्तिकरण है। उन्होंने बताया कि जिन-जिन राज्यों में वक्फ संपत्तियों का दुरुपयोग हुआ है, वहां अब इस कानून से परिवर्तन देखने को मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर साधा निशाना:
धामी ने कहा कि विपक्ष को यह बताना चाहिए कि लाखों करोड़ की वक्फ संपत्तियां होने के बावजूद गरीबों के लिए उनका उपयोग क्यों नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उनके सहयोगी दलों ने केवल वोटबैंक की राजनीति की है, जबकि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने 370 हटाना, तीन तलाक खत्म करना और CAA लागू कर जैसे ऐतिहासिक फैसले लिए हैं।
वक्फ बोर्ड की संपत्तियों की होगी गहन जांच:
धामी ने जानकारी दी कि उत्तराखंड में वक्फ बोर्ड की करीब 5700 संपत्तियां दर्ज हैं। इनका सत्यापन कर अवैध कब्जों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कहा कि कानून का पालन सुनिश्चित करते हुए गरीबों के हक की रक्षा की जाएगी।
कार्यशाला की प्रमुख बातें:
- 20 अप्रैल से 5 मई तक राज्यभर में जनजागरण अभियान
- हर जिले और मंडल स्तर पर होंगे प्रशिक्षण व संवाद कार्यक्रम
- अल्पसंख्यक समाज तक इस कानून की सही जानकारी और फायदे पहुंचाने पर रहेगा फोकस
- कांग्रेस सरकारों की वक्फ कानून में की गई गलतियों का होगा सुधार
वक्फ बोर्ड अध्यक्ष ने किए खुलासे:
उत्तराखंड वक्फ बोर्ड अध्यक्ष शादाब शम्स ने कहा कि पहले वक्फ संपत्तियों का बड़े स्तर पर दुरुपयोग हुआ। कई स्थानों पर बोर्ड ने सरकारी व निजी जमीनों पर भी कब्जा कर लिया। अब इस संशोधन के बाद पारदर्शिता सुनिश्चित होगी और गरीब मुसलमानों को उनका हक मिलेगा।
इस मौके पर राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष इंतजार हुसैन, विधायक खजान दास सहित भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
भाजपा का लक्ष्य: वक्फ संपत्तियों को तुष्टीकरण का माध्यम नहीं, बल्कि गरीब मुस्लिम समाज की प्रगति का साधन बनाना।