न्यू ईयर से पहले टिहरी झील में उमड़े पर्यटक, एडवेंचर और शांति का ले रहे आनंद
नए साल के जश्न को लेकर उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों पर रौनक भी बढ़ने लगी है। पहाड़ों की शांत वादियों व स्वच्छ वातावरण की तलाश में बड़ी संख्या में पर्यटक टिहरी व धनौल्टी का रुख कर रहे हैं। होटल, गेस्ट हाउस व होमस्टे में एडवांस बुकिंग तेज हो गई है।
नए साल से पहले टिहरी झील पर्यटकों की पसंदीदा जगह बनती ही जा रही है। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे सैलानी यहां झील की खूबसूरती के साथ मोटर बोट, स्पीड बोट व पैरासेलिंग जैसी वाटर एडवेंचर गतिविधियों का आनंद ले रहे हैं। पर्यटकों का कहना है कि बड़े शहरों की भीड़ और प्रदूषण से दूर टिहरी की साफ हवा और शांत माहौल उन्हें खास अनुभव दे रहा है, यही वजह है कि वे नए साल का जश्न यहीं मनाने पहुंचे भी हैं।