उत्तराखंड विधानसभा सत्र का तीसरा दिन आज, बजट पर चर्चा और 11 विधेयकों पर होगी मुहर

उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र का आज तीसरा दिन है। सोमवार को सरकार ने सदन में बजट भी पेश किया था, जबकि मंगलवार को 4 अध्यादेश और 11 विधेयक सदन में रखे गए थे। आज सदन में बजट पर चर्चा होगी और कई अहम विधेयकों को पारित किए जाने की संभावना भी है।

वहीं प्रश्नकाल के दौरान विभिन्न मुद्दों को लेकर सदन के गरमाने के आसार भी हैं। मंगलवार को भी नियम 58 के तहत चर्चा के दौरान सदन में जमकर हंगामा भी हुआ था। इसके साथ ही विधानसभा के बाहर विपक्ष ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया।

आज जिन 11 विधेयकों को पास किए जाने की संभावना है, उनमें उत्तराखंड कारागार व सुधारात्मक सेवाएं (संशोधन) विधेयक, उत्तराखंड जन विश्वास उपबंधों पर (संशोधन) विधेयक, उत्तराखंड दुकान और स्थापना (रोजगार विनियमन और सेवा शर्त) संशोधन विधेयक, उत्तराखंड माल और सेवाकर (संशोधन) विधेयक व उत्तराखंड भाषा संस्थान (संशोधन) विधेयक शामिल हैं।

इसके अलावा उत्तराखंड देवभूमि परिवार विधेयक, उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग (संशोधन) विधेयक, समान नागरिक संहिता उत्तराखंड (संशोधन) विधेयक, उत्तराखंड निजी विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक, उत्तराखंड सार्वजनिक द्यूत रोकथाम विधेयक और शारीरिक रूप से दिव्यांग, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों व पूर्व सैनिकों के आरक्षण से संबंधित संशोधन विधेयक भी सदन में पारित किए जा सकते हैं।

साथ ही 4 अध्यादेशों को भी सदन की मंजूरी मिल सकती है, जिनमें उत्तराखंड दुकान और स्थापना रोजगार विनियमन एवं सेवा शर्त संशोधन अध्यादेश, उत्तराखंड जन विश्वास उपबंध संशोधन अध्यादेश, उत्तराखंड माल व सेवा कर संशोधन अध्यादेश और उत्तराखंड समान नागरिक संहिता संशोधन अध्यादेश शामिल हैं।