बाजपुर में घर में घुसकर मारपीट, मां-बेटी समेत तीन लोग घायल; किशोरी की हालत नाजुक
बाजपुर। शहर के रंपुरा शाकर क्षेत्र में बीते (रविवार) देर शाम एक घर में घुसकर बेखौफ युवकों ने मां-बेटी के साथ मारपीट कर दी। घटना में 15 वर्षीय किशोरी व उसकी मां गंभीर रूप से घायल भी हो गईं। चीख-पुकार सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे पड़ोसी को भी नहीं बख्शा गया और हमलावरों ने उसके साथ भी मारपीट की। घटना के बाद घायलों को उप जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से किशोरी व उसकी मां को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक, कशिश की स्थिति बेहद ही नाजुक बनी हुई है।
घटना का विवरण
रविवार शाम करीब 6:30 बजे रंपुरा शाकर निवासी असगर अली की पत्नी रेशमा (30) और बेटी कशिश (15) घर में मौजूद थीं। उसी दौरान कुछ युवक उनके घर में जबरन घुस आए व बेवजह गाली-गलौज और अभद्रता करने लगे। जब मां-बेटी ने विरोध किया तो आरोपितों ने उन्हें बुरी तरह से पीट डाला। शोर सुनकर पड़ोसी इबले हसन मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव की कोशिश भी की, लेकिन हमलावरों ने उन्हें भी नहीं छोड़ा। वारदात के बाद आरोपी भी फरार हो गए।
इलाके में दहशत, पुलिस को दी गई सूचना
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन बड़ी संख्या में सरकारी अस्पताल में पहुंचे। स्वजनों ने बताया कि घटना के वक्त घर में केवल मां-बेटी ही थीं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य पास ही गांव में मोहर्रम मेले में शामिल होने को गए थे।
इस हमले के पीछे पुरानी रंजिश या किसी और कारण की आशंका भी जताई जा रही है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस को तहरीर सौंप दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हमलावरों की तलाश भी की जा रही है।