11 साल का हमलावर तेंदुआ अब नहीं लौटेगा जंगल, रेस्क्यू सेंटर में होगी देखभाल
रामनगर वन प्रभाग की कोसी रेंज स्थित रेस्क्यू सेंटर में पिछले 1 महीने से रखा गया हमलावर तेंदुआ अब दोबारा से जंगल में नहीं छोड़ा जाएगा। वन विभाग की जांच में सामने आया है कि तेंदुए की उम्र 11 वर्ष से अधिक है और उसके पंजे व दांत काफी घिस चुके हैं। ऐसे में उसे प्राकृतिक आवास में छोड़ने पर मानव-वन्यजीव संघर्ष का खतरा भी बढ़ सकता है। इसी कारण वन विभाग ने उसे स्थायी रूप से रेस्क्यू सेंटर में रखने का फैसला भी किया है।
गौरतलब है कि पिछले महीने कोटा रेंज के ग्राम चोपड़ा में पानी लेने गई एक महिला पर इस तेंदुए ने हमला कर उसे घायल भी कर दिया था। घटना के बाद वन विभाग ने पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ लिया था व तब से वह कोसी रेंज के रेस्क्यू सेंटर में वनकर्मियों की निगरानी में ही है।