कैंची धाम में पर्यटन सीजन से पहले सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था सख्त

नैनीताल के प्रसिद्ध कैंची धाम में आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां भी तेज कर दी हैं। अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया व अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर, संवेदनशील क्षेत्रों व मुख्य मार्गों का जायजा लिया गया। एडीजी ने निर्देश दिए कि सीजन शुरू होने से पहले सुरक्षा व यातायात व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाए, ताकि श्रद्धालुओं व पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी न हो।

यातायात प्रबंधन को लेकर नो-पार्किंग जोन सख्ती से लागू करने, सुव्यवस्थित ट्रैफिक प्लान तैयार करने व पार्किंग स्थलों पर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही जाम की समस्या से निपटने के लिए शटल सेवा को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।

सुरक्षा के लिहाज से क्षेत्र में एडवांस सीसीटीवी कैमरे व पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं। अधिकारियों को निर्माणाधीन पार्किंग व बाईपास मार्गों का कार्य समय पर पूरा कराने के लिए समन्वय बनाने को भी कहा गया है।

गौरतलब है कि हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु नीम करौली बाबा के दर्शन के लिए यहां पहुंचते हैं, जिससे ट्रैफिक व सुरक्षा व्यवस्था प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन जाती है।