आरवीएनएल अध्यक्ष का साफ निर्देश, 2028 से पहले हर हाल में पूरी हो ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना
ऋषिकेश। रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) के नव नियुक्त अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सलीम अहमद ने स्पष्ट किया है कि ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना को हर हाल में दिसंबर 2028 से पहले ही पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखते हुए तय समय सीमा में परियोजना को पूरा करना आरवीएनएल की सर्वोच्च प्राथमिकता भी है।
दो दिवसीय दौरे पर ऋषिकेश पहुंचे रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) के नव नियुक्त अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सलीम अहमद ने पहले दिन आरवीएनएल परिसर में ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना से जुड़े अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की। इस दौरान परियोजना की वर्तमान प्रगति, तकनीकी चुनौतियों व समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में आरवीएनएल द्वारा निर्मित की जा रही सुरंग परियोजनाएं राज्य के समग्र विकास में अहम भूमिका भी निभाएंगी। बैठक में इस बात पर भी विचार किया गया कि रेलवे सुरंगों के साथ-साथ सड़क सुरंगों के निर्माण की संभावनाओं पर भी काम किया जाए, ताकि सड़क मार्ग से यात्रा करने वाले लोगों को भी तेज, सुरक्षित व सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
आरवीएनएल प्रबंधन ने भरोसा दिलाया कि सभी आवश्यक संसाधनों के समुचित उपयोग के साथ परियोजना को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए लगातार प्रयास भी किए जा रहे हैं।