सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने दिए प्रभावी उपायों के निर्देश
देहरादून : राज्यसभा सांसद डॉ. नरेश बंसल की अध्यक्षता में राजपुर रोड स्थित वन विभाग के मंथन सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए सांसद ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण और शहरों के बीच की दूरी घटने के बावजूद हादसों में इजाफा हो रहा है, जो बेहद चिंताजनक भी है।
सांसद ने निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटनाओं को न्यूनतम स्तर तक लाने के लिए जनजागरूकता बेहद ही आवश्यक है। उन्होंने स्वयंसेवी संगठनों, जैसे लॉयन्स क्लब, रोटरी क्लब आदि की मदद से आमजन को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए। स्कूलों और कॉलेजों के माध्यम से छात्रों को ट्रैफिक कंट्रोल की व्यावहारिक जानकारी देने की आवश्यकता पर भी उन्होंने बल दिया।
डॉ. बंसल ने कहा कि सड़क निर्माण व खोदाई से जुड़े विभाग समन्वय से कार्य करें ताकि एक बार बनी सड़कों को दोबारा से न खोदना पड़े। आगामी बैठकों में सक्षम स्तर के अधिकारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
सांसद ने जनता से अपील की कि सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने वालों से कोई भी पूछताछ नहीं की जाएगी, ताकि ‘गुड समैरिटन’ बिना डर के सहायता भी कर सकें।
उन्होंने गति सीमा के चेतावनी बोर्ड लगाने, शराब की दुकानों के बाहर वाहन पार्किंग व्यवस्था के लिए सुरक्षाकर्मी तैनात करने और सड़क किनारे सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश संबंधित विभागों को भी दिए। नगर निकायों को पुलिस के समन्वय से ज्यादा दुर्घटनाओं वाले स्थानों पर कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए गए।
सांसद ने औद्योगिक क्षेत्रों के पास स्थित स्कूलों में प्रवेश व छुट्टी के समय में परिवर्तन करने और स्कूल समय के दौरान भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने के भी निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि शाम 6:30 बजे से रात 12 बजे तक के बीच सर्वाधिक 46 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 11 लोगों की मृत्यु भी हुई। अधिकांश दुर्घटनाएं दोपहिया व चारपहिया वाहनों से संबंधित थीं।
संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ. अनिता चमोला ने परिवहन विभाग द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि साल 2024 में घायलों की मदद करने वाले 11 व्यक्तियों को यातायात पुलिस द्वारा सम्मानित भी किया गया।
बैठक में पद्मश्री डॉ. बीकेएस संजय ने भी सड़क सुरक्षा को लेकर अपने विचार रखे। अंत में सचिव, जिला सड़क सुरक्षा समिति जितेन्द्र कुमार त्रिपाठी ने सांसद डॉ. बंसल का आभार भी व्यक्त किया।