उत्तराखंड में आज भी बारिश-तूफान का अलर्ट, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना
देहरादून। उत्तराखंड में आज शनिवार को भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी, बागेश्वर, पिथौरागढ़ व नैनीताल के कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश, बिजली चमकने और तूफान का येलो अलर्ट भी जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार बारिश से मैदानी इलाकों में गर्मी से राहत मिलेगी, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड भी बढ़ सकती है। वहीं 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है।
शुक्रवार को दिनभर तेज धूप के कारण गर्मी महसूस की गई, लेकिन शाम के समय मौसम सुहाना भी हो गया। देहरादून में अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2-2 डिग्री अधिक रहा। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी तापमान में बढ़ोतरी देखने को भी मिली।