पीडब्ल्यूडी के जेई को रिश्वत लेने के आरोप में पांच साल की सजा, दो लाख रुपये का जुर्माना

न्यूज़ रिपोर्टर नेटवर्क, हल्द्वानी, 31 जनवरी 2025: एक ठेकेदार से कार्य भुगतान के मेजरमेंट बिल (एमबी) बनाने के नाम पर 8500 रुपये की रिश्वत लेने में दोषी पाए गए पीडब्ल्यूडी के जेई को 5 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई गई है। विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण संगठन) और एडीजे प्रथम, नीलम रात्रा ने सात साल पुराने इस मामले में जेई अमित गिरी पर 2 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है।

यह मामला 2017 का है, जब हल्द्वानी के फतेहपुर क्षेत्र के ग्राम रामड़ी छोटी निवासी ठेकेदार धीरेंद्र सिंह ने पिथौरागढ़ में इलेक्ट्रिक व मैकेनिकल कार्य किया था। धीरेंद्र ने कार्य समय से 3 से 4 महीने पहले पूरा किया और भुगतान के लिए फाइल पेश की थी। इस दौरान, पिथौरागढ़ पीडब्ल्यूडी के अपर सहायक अभियंता के अधीन काम कर रहे अवर अभियंता अमित गिरी ने एमबी बनाने के बदले धीरेंद्र से 8500 रुपये की रिश्वत मांगी।

धीरेंद्र सिंह ने इस घूस की मांग की शिकायत 5 फरवरी 2018 को भ्रष्टाचार निवारण विभाग में की। शिकायत के बाद, उत्तराखंड सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने 9 फरवरी 2018 को जेई अमित गिरी को रिश्वत की रकम के साथ गिरफ्तार भी कर लिया। मामले की जांच अरुण कुमार ने की और अभियोजन पक्ष की ओर से दीपा रानी ने मजबूत पैरवी भी की।

विशेष न्यायाधीश ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद जेई अमित गिरी को भ्रष्टाचार के आरोप में दोषी ठहराया व उन्हें 5 साल के कठोर कारावास और 1 लाख रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई।